पांवटा साहिब में स्वास्थ्य सेवा की मिसाल: कैंसर जागरूकता शिविर में 841 मरीजों को मिला लाभ
पांवटा साहिब में कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 841 मरीजों को मिला लाभ
देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं रोटरी पांवटा साहिब के सहयोग से ज्ञान चंद गोयल धर्मार्थ भवन, तारुवाला रोड, पांवटा साहिब में शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में कुल 841 मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं महंत इन्दिरेश अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही मरीजों की ईसीजी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच भी की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी पांवटा साहिब के प्रेसिडेंट अंशुल गोयल, सचिव शांति स्वरूप गुप्ता एवं महंत इन्दिरेश अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पंकज कुमार गर्ग द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य अतिथि अंशुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं महंत इन्दिरेश अस्पताल ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से एक सशक्त पहचान स्थापित की है। उन्होंने संस्थान के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इसके मार्गदर्शन में समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं निरंतर पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने पांवटा साहिब एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
शिविर में कैंसर सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पंकज कुमार गर्ग ने कहा कि कैंसर कोई लाइलाज बीमारी नहीं है, यदि इसकी पहचान समय पर हो जाए और उचित उपचार किया जाए। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, तंबाकू एवं नशे का सेवन, असंतुलित खानपान, शारीरिक निष्क्रियता तथा मानसिक तनाव कैंसर के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि लंबे समय तक घाव न भरना, शरीर में असामान्य गांठ, अचानक वजन कम होना, लगातार खांसी या खून आना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
स्वास्थ्य शिविर में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं महंत इन्दिरेश अस्पताल के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें कैंसर सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, मेडिसिन, सर्जरी, शिशु रोग, नेत्र रोग, त्वचा एवं यौन रोग, फिजियोथैरेपी, मनोरोग, हड्डी रोग तथा नाक-कान-गला रोग विभाग शामिल रहे। विशेषज्ञों ने मरीजों को व्यक्तिगत परामर्श देते हुए उपचार एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के सफल आयोजन में रोटरी पांवटा साहिब, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, महंत इन्दिरेश अस्पताल की चिकित्सा टीम एवं सहयोगी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को कैंसर सहित विभिन्न रोगों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना रहा।
