इस उम्र में दुश्मनी छोड़ भोजन कराइए, ब्रजेश पाठक ही काम आएंगे
उत्तर प्रदेश के विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर हमलावर दिखे। उन्होंने विजन-2047 को लेकर बहस में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों के साथ विशेष तौर पर नेता विरोधी दल का भी स्वागत किया।इसी बीच जब नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने मेडिकल कॉलेज निर्माण पर आपत्ति जताई तो योगी ने उनको नसीहत देते हुए कहा कि इस उम्र में दुश्मनी नहीं घर बुलाकर भोजन कराइए, ब्रजेश पाठक ही इलाज में काम आएंगे।माता प्रसाद पांडेय से मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपको ये भी परेशानी है कि मेडिकल कॉलेज क्यों बनाए जा रहे हैं। ये व्यवस्था की जा रही है। इसी बीच योगी ने तंज कसते हुए कहा कि कभी डिप्टी सीएम को घुमाइए तो, इसी बहाने कभी घर पर भोजन खिला दीजिए, लेकिन आप उनको लेकर नहीं जाएंगे। आप उनके साथ दुश्मनी रखना चाहेंगे। मुख्यमंत्री योगी ने नेता प्रतिपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि दुश्मनी मत रखिये। इस उम्र में दुश्मनी नहीं रखनी चाहिए। अगर आपको इलाज की जरूरत पड़ेगी तो वही (ब्रजेश पाठक) काम आएंगे। सुपर स्पेशलिटी की सुविधा वही दे पाएंगे। तीन दिन से पांडेय जी का स्वास्थ्य खराब है, उन्हें पांडेय जी के लिए दवा वगैरह भेजनी चाहिए। इसी बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि उन्हें तो माता बाबा कहते हैं। इस पर सीएम ने कहा माता बाबा ही है। सीएम योगी ने कहा कि पांडेय जी बहुत वरिष्ठ है और उनका सम्मान है।

