बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को समझाया सुरक्षा का महत्व, निःशुल्क हेलमेट वितरित
देहरादून
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से दून पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर थाना बसंत विहार पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को रोका गया और उन्हें समझाया गया कि सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करना चाहिए। पुलिस द्वारा चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव के लिए हेलमेट के महत्व को विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर कई दोपहिया चालकों को निःशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सदैव हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
दून पुलिस ने आमजन से अपील की कि अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें, दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
