उत्तराखंडदेहरादून

युवा भारत प्रधानमंत्री की प्राथमिकता, खिलाड़ियों को मिला नया सम्मान : रेखा आर्या

देहरादून

देहरादून के करनपुर नगर मंडल में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सुना।

इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का प्रत्येक संबोधन ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा से परिपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए की।

रेखा आर्या ने कहा कि लंबे समय तक देश में खेलों और खिलाड़ियों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल पाई, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं और खिलाड़ियों को अपने विजन के केंद्र में रखकर इस सोच को बदलने का कार्य किया है। यह नए भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मन की बात के इस संस्करण में प्रधानमंत्री ने वर्षभर की उपलब्धियों पर चर्चा की और स्वतंत्रता आंदोलन के उन नायकों को सम्मानपूर्वक याद किया, जिन्हें लंबे समय तक भुला दिया गया था। ऐसे नायकों का स्मरण देश के आत्मसम्मान और स्वाभिमान को नई शक्ति देता है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने एंटीबायोटिक के अत्यधिक और गलत उपयोग से उत्पन्न हो रही वैश्विक चुनौती पर भी ध्यान आकृष्ट किया। रेखा आर्या ने कहा कि अनियंत्रित उपयोग से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी गंभीर समस्या बढ़ रही है, जो भविष्य में मानवता के लिए बड़ा संकट बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाइयों का सेवन न करें।

कार्यक्रम के अंत में रेखा आर्या ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और आमजन को आगामी नव वर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *